ग्रैंड थेफ्ट ऑटो (GTA) सीरीज का छठा एडिशन GTA VI 19 नवंबर को लॉन्च होगा। रॉकस्टार गेम्स द्वारा तैयार यह ओपन वर्ल्ड वीडियो गेम सीरीज 1997 में शुरू हुई थी। फिलहाल यह गेम PlayStation 5 और Xbox सीरीज X|S पर उपलब्ध होगा, जबकि भविष्य में PC वर्जन आने की उम्मीद है। लॉन्च को खास बनाने के लिए YouTube पर 19 नवंबर से 24 घंटे का ग्लोबल लाइवस्ट्रीम शुरू होगा, जिसमें दुनिया के कई बड़े क्रिएटर्स शामिल होंगे, जिनमें भारत से पायल धरे (पायल गेमिंग) भी हैं।

YouTube की 'कल्चर एंड ट्रेंड्स' टीम की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, YouTube पर पूरी GTA फ्रेंचाइजी को अब तक 90 हजार करोड़ से अधिक व्यूज मिल चुके हैं। GTA VI से जुड़े वीडियो ने लॉन्च से पहले ही 4 हजार करोड़ से ज्यादा व्यूज हासिल कर लिए हैं। 2013 में रिलीज के बाद से GTA V हर साल YouTube पर सबसे ज्यादा देखे जाने वाले टॉप 10 गेम्स में रहा है। एक सर्वे के मुताबिक 82 फीसदी लोगों ने कहा कि वे GTA को जानते हैं, जो हॉलीवुड सेलिब्रिटीज (79%) से भी अधिक है।

GTA सीरीज पहले से लोकप्रिय थी, लेकिन कंटेंट क्रिएटर्स के आने से इसकी लोकप्रियता में भारी बढ़ोतरी हुई है। 'GTA ऑनलाइन' से खिलाड़ियों को अपने किरदार बनाने और आपस में जुड़ने का मौका मिला, जिससे रोलप्ले (RP) का नया दौर शुरू हुआ। YouTube पर GTA RP को अब तक 8 अरब से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं और 2025 में इस पर 17 लाख वीडियो अपलोड किए गए।

लॉन्च पर NODWIN गेमिंग के को-फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर अक्षत राठी ने कहा कि GTA भारत के गेमिंग डीएनए का हिस्सा है। S8UL Esports के को-फाउंडर और सीईओ अनिमेष अग्रवाल ने कहा कि एंटरटेनमेंट की दुनिया में बहुत कम चीजें हैं जिनका GTA VI जैसा इंतजार किया जाता है। पायल गेमिंग ने कहा कि GTA फ्रेंचाइजी की सबसे अच्छी बात यह है कि इसके जरिए कंटेंट बनाने के लिए प्रोफेशनल गेमर होना जरूरी नहीं है।