ब्रिटेन के प्रिंस ऑफ वेल्स विलियम और प्रिंसेस ऑफ वेल्स केट मिडलटन इन दिनों भारत दौरे पर थे। दोनों मुंबई में आयोजित छठे एनुअल अर्थशॉट प्राइज अवॉर्ड्स इवेंट में शामिल हुए, जहां उनकी मुलाकात दुनियाभर के युवा पर्यावरण इनोवेटर्स से हुई। इस इवेंट में पर्यावरण के साथ-साथ शाही जोड़े के रॉयल और एथनिक अंदाज ने भी सुर्खियां बटोरीं।

ग्रीन कार्पेट पर कदम रखते ही सभी की निगाहें शाही कपल पर टिक गईं। प्रिंसेस केट सिंदूरी लाल रंग की अनारकली में नजर आईं, जिसे बनारसी जॉर्जेट फैब्रिक पर बारीक हैंड-एम्ब्रॉयडरी के साथ तैयार किया गया है। इसकी वी-नेकलाइन लुक में डेलिकेट टच जोड़ती है, जबकि चोली और फुल स्लीव्स के किनारों पर सुनहरी और हरे रंग की कारीगरी शाही चमक बढ़ाती है। डिजाइनर की ऑफिशियल वेबसाइट पर इसकी कीमत 70,000 रुपये बताई गई है। पूरे फ्लोर-लेंथ अनारकली पर सुनहरे डॉट्स के रूप में उभरता बांधनी पैटर्न भारतीय शिल्पकला की बानगी पेश करता है। केट ने इसे मैचिंग वेलवेट क्लच और सॉफ्ट वैवी हेयरस्टाइल के साथ कैरी किया।

अपने लुक को खास बनाने के लिए केट ने क्वीन एलिजाबेथ II के ऐतिहासिक 'एम्रल्ड टैसल सूट' से एम्रल्ड और डायमंड का क्लासी नेकलेस और मैचिंग इयररिंग्स पहने। अनारकली पर हुई हरे रंग की कढ़ाई के साथ पन्नों का यह तालमेल खासा सुंदर लगा। बताया जाता है कि केट ने यह नेकलेस पहली बार इस अवॉर्ड शो में पहना है, जबकि मार्च 2022 में जमैका दौरे के दौरान वह इसी सेट के इयररिंग्स और ब्रेसलेट पहन चुकी हैं।

इस जूलरी सेट का इतिहास भी दिलचस्प है। क्वीन एलिजाबेथ II ने इसे पहली बार साल 1989 में पहना था, जब संयुक्त अरब अमीरात के तत्कालीन राष्ट्रपति शेख जायद बिन सुल्तान अन नाहयान राजकीय यात्रा पर आए थे। हालांकि, इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है, लेकिन ऐसा भी माना जाता है कि शेख ने ही महारानी को यह अनमोल तोहफा भेंट किया था। बाद में महारानी ने इसे 1991 के जी7 समिट के दौरान बकिंघम पैलेस में हुए डिनर और 2011 में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा व मिशेल ओबामा के सम्मान में आयोजित शाही डिनर समेत कई बड़े आयोजनों में पहना। वहीं, प्रिंस विलियम ने इवेंट में भारतीय डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के कस्टम ब्लैक वेलवेट बंदगला जैकेट और मैचिंग ट्राउजर पहने, जिसमें वे काफी क्लासी नजर आए।