कोलकाता में पार्क स्ट्रीट के पास एक रैपिडो सवार महिला को कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई, लेकिन घायल महिला की मदद के लिए केवल चार अजनबी आगे आए। महिला ने सोशल मीडिया पर इन अजनबियों का आभार जताया है।

बिंदिया गुप्ता नाम की यह महिला कोलकाता से एमबीए की पढ़ाई कर रही है और डिजिटल क्रिएटर है। उन्होंने बताया कि रैपिडो से जाते समय पार्क स्ट्रीट के पास एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन मदद के लिए सिर्फ चार अजनबी ही आगे आए।

बिंदिया के मुताबिक, उन अजनबियों में से एक महिला ने उनकी चोट पर बैंडेज बांधी और पट्टी लगाई। उन्होंने कहा कि वह उन अजनबियों के नाम नहीं जानतीं, लेकिन उनकी यह मदद और इंसानियत कभी नहीं भूलेंगी। बिंदिया ने कहा कि उन्हें इस बात पर विश्वास है कि अच्छा करने वालों के साथ बुरा नहीं होता।

बिंदिया गुप्ता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए इन अजनबियों का शुक्रिया अदा किया। रिपोर्ट के अनुसार, इस वीडियो को अब तक सात लाख से अधिक बार देखा जा चुका है, जबकि 44 हजार से अधिक लोगों ने इसे लाइक किया है। सोशल मीडिया यूजर्स कमेंट में कोलकाता को ‘सिटी ऑफ जॉय’ कहते हुए इन लोगों की मदद की सराहना कर रहे हैं।