दिल्ली के पहाड़गंज स्थित क्वीन बार में कथित फायरिंग और रंगदारी की कोशिश के मामले में सेंट्रल जिला पुलिस ने मुख्य आरोपी सतिंदर उर्फ कांटा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी को नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में पकड़ा गया। इसके अलावा वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी जितेश उर्फ गोला और अमित गोहर को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 16 और 17 नवंबर की रात पंचकुइयां रोड स्थित क्वीन बार में आरोपी अपने साथियों के साथ पहुंचे थे। आरोप है कि बार में रंगदारी मांगने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने दो राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल स्टाफ और पहाड़गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस मुख्य आरोपी तक पहुंची।

पुलिस के मुताबिक, सोनिया विहार में गिरफ्तारी के दौरान मुख्य आरोपी ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग की। दो गोलियां एसआई रविंदर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी दो राउंड फायर किए, जिसमें एक गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक अत्याधुनिक पिस्टल, तीन खाली कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी सतिंदर उर्फ कांटा के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास समेत छह आपराधिक मामले पहले से दर्ज बताए जा रहे हैं।