कनाडा के ओंटारियो प्रांत में एक असामान्य मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी की जमीन पर फैले पेड़ों को काट दिया, जबकि उसके पास इसके लिए मालिक की मर्जी नहीं थी। अगस्त और सितंबर 2012 के बीच टिमोथी मुलेन ने पड़ोसी जूडिथ एन मर्फी की 40 एकड़ प्रॉपर्टी पर 2000 फीट लंबाई में फैली पेड़ों की कतार को जड़ से खत्म कर दिया था। इतना ही नहीं, उन्होंने वहां पानी की निकासी भी बंद कर दी थी। ये पेड़ दोनों जमीनों के बीच बॉर्डर का काम भी कर रहे थे।

मामला कोर्ट पहुंचने पर मुलेन यह साबित नहीं कर पाए कि उन्होंने मर्फी से इजाजत ली थी। कोर्ट ने 2018 में आदेश दिया कि नुकसान के लिए 2,13,471.27 डॉलर यानी करीब 1.3 करोड़ रुपये दिए जाएं। 2020 में इसी आदेश पर मोहर लग गई।

कोर्ट में मुलेन का कहना था कि उनके खेत में निकासी नहीं थी और उसी निकासी के लिए पेड़ काटने की जरूरत थी। इसलिए वे मर्फी की प्रॉपर्टी में घुसे और पेड़ काटकर वहां की नाली को बंद कर दिया। उनका यह भी दावा था कि उन्होंने फोन पर परमिशन ली थी और मिलने की बात भी हुई थी।

मर्फी का कहना था कि मुलेन ने सिर्फ नाली साफ करने की बात कही थी और यह सब 16 मिनट की फोन कॉल पर हुआ था। एक मेले में मिलने की बात हुई थी, लेकिन मुलेन कभी वहां गए ही नहीं।