अमेरिका में एक पिज्जा डिलीवरी एजेंट को ग्राहक से उम्मीद से ज्यादा टिप मिली, जिसके बाद वह भावुक हो गई। ओस्मानेक स्मिथ नाम के व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बनाया है, जो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में डिलीवरी एजेंट टेलर को पिज्जा देने के बाद स्मिथ उसे पेमेंट के तौर पर ढेरों नोट देते हैं। टेलर जब समझती है कि ये पैसे मदद के नजरिए से दिए गए हैं तो वह रोने लगती है।

स्मिथ ने टेलर को और नोट देते हुए कहा कि ये कम लग रहे हैं। टेलर ने रोते हुए बताया कि उसकी मां की हाल ही में मृत्यु हुई है। उसने स्मिथ से पूछा कि उन्होंने ऐसा क्यों किया, जिस पर स्मिथ ने कहा कि वह यही करता है। स्मिथ ने वीडियो के कैप्शन में टेलर को आशीर्वाद भी दिया है।

वीडियो देखने वाले स्मिथ और टेलर दोनों को आशीर्वाद दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा है कि प्यार ही हर मर्ज की दवा है। एक अन्य यूजर ने लिखा है कि कौन किस दिक्कत में है, यह कोई नहीं जानता। एक यूजर ने अपना किस्सा भी साझा किया है, जिसमें उसने बताया कि वह हर बार डिलीवरी एजेंट को टिप देता है और वह खुश हो जाता है।