जयपुर: राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने चर्चित 40 विला-कॉटेज खरीद मामले में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले में गोयल फैशन्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मुकुंद शरण गोयल, प्रबंध निदेशक संजय गोयल और अन्य लोगों को भी नामजद आरोपी बनाया गया है।

एसीबी की शुरुआती जांच में इस प्रकरण में कई स्तरों पर गंभीर अनियमितताओं के संकेत मिले हैं, जिसके आधार पर आगे जांच बढ़ने के संकेत हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, संबंधित कंपनी के रिसॉर्ट्स के लिए लैंड कन्वर्जन, राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल की आवश्यक मंजूरियों और राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना (RIPS) के तहत दिए गए कस्टमाइज्ड पैकेज में नियमों को ताक पर रखा गया। आरोप है कि उद्योग विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) के पद पर रहते हुए शिखर अग्रवाल ने अपने पद और प्रभाव का दुरुपयोग कर कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचाया।

यह मामला तब सुर्खियों में आया था जब सामने आया कि शिखर अग्रवाल, उनकी आईपीएस पत्नी प्रशाखा माथुर और परिवार के अन्य सदस्यों ने महज ढाई साल की अवधि में इसी एक कंपनी से 40 विला और कॉटेज खरीदे थे। एक ही कंपनी से इतनी बड़ी खरीद और फिर उसे ही प्रॉपर्टी लीज पर देने की बात सामने आने के बाद वित्तीय अनियमितताओं के सवाल उठने लगे थे।

एसीबी ने इन सभी सवालों के सामने आने के बाद मामले को संज्ञान में लिया। अब एफआईआर दर्ज होने के बाद माना जा रहा है कि इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच में तेजी आएगी।