अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने नए पोस्ट में बताया है कि KBC की शूटिंग के दौरान उनकी पैंट की बेल्ट टूट गई थी, जिसके बाद उन्होंने जल्दी से नाड़ा बांध लिया। अपने पोस्ट T 5850 में उन्होंने 15 नवंबर वाले अपने पुराने 'बच गए' पोस्ट का भी जिक्र किया है। इस पोस्ट से यह जाहिर है कि उनका वह पुराना पोस्ट सुरक्षा से जुड़े मामले में नहीं था।
बिग बी सोशल मीडिया एक्स पर सबसे अधिक सक्रिय सिलेब्रिटीज़ में से एक हैं और लगभग रोज कुछ न कुछ पोस्ट करते हैं। हाल ही में उन्होंने 'बच गया' लिखकर एक पोस्ट किया था, जिसे लोग लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो कथित शूटरों की गिरफ्तारी और कथित बम की धमकियों से जोड़कर देख रहे थे। नए पोस्ट में उन्होंने इसी शब्द का जिक्र करते हुए साफ किया कि वह पुराना पोस्ट सिक्योरिटी वाले एंगल से जुड़ा नहीं था। इसके बाद सोशल मीडिया पर लोग मजे ले रहे हैं और कह रहे हैं कि हर बात बताने वाली नहीं होती।
इस बीच, गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी दी है। उसने दावा किया है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा मुंबई से उसके दो साथियों विकास ठाकुर और दीपक सिंह की गिरफ्तारी से उसके प्लान पर कोई असर नहीं पड़ा है। अपने पोस्ट में उसने 1984 के दंगों का जिक्र करते हुए बुलेटप्रूफ केबिन और सुरक्षा के बावजूद निशाना बनाने की बात कही है।
शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दिए जाने पर चिंता जताई है और गोल्डी ढिल्लों तथा उसके पूरे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, विकास और दीपक अलग-अलग शूटिंग प्लान में शामिल थे। विकास का टारगेट दिल्ली के एक बिजनेसमैन से पैसा वसूलना था, जबकि दीपक ने कथित तौर पर अमिताभ बच्चन को उनके मुंबई घर पर टारगेट किया था। एक टिप-ऑफ पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विकास को अरेस्ट किया और फिर मुंबई में छिपे दीपक को पकड़ा गया।
