अहमदाबाद। पंजाब के सिंगर दिलजीत दोसांझ अहमदाबाद में होने वाले कॉन्सर्ट से पहले गुजरात की सैर कर रहे हैं। गिर लायन सफारी का दौरा करने के बाद वह जूनागढ़ के पवित्र गिरनार पर्वत पर गए। दिलजीत ने जय हनुमान ज्ञान गुन सागर भजन के साथ अपने दौरे का वीडियो साझा किया है। इस वीडियो पर गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी की प्रतिक्रिया सामने आई है।
संघवी ने लिखा है कि गुजरात में लजीज व्यंजनों से लेकर गिर के जंगलों की मनमोहक सुंदरता और गिरनार रोपवे से दिखने वाले शानदार नजारों तक हर किसी के लिए कुछ न कुछ खास है। उन्होंने लिखा कि जब दिलजीत दोसांझ कहते हैं कि कुछ दिन तो गुजारो गुजरात में, तो समझ जाइए कि अब गुजरात को एक नए अंदाज में अनुभव करने का समय आ गया है। संघवी ने लिखा, सही कहा न, दिलजीत भाई? दिलजीत दोसांझ 21 नवंबर की शाम को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कॉन्सर्ट में प्रस्तुति देंगे।
इसी के साथ हर्ष संघवी ने दिवाली की छुट्टियों में पर्यटकों का डाटा भी जारी किया है, जिसमें द्वारका ने बाजी मारी है। दिवाली पर गुजरात के पर्यटन स्थलों और पवित्र तीर्थ स्थानों पर बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे। राज्य के आठ मुख्य स्थानों पर 38 लाख से अधिक पर्यटकों ने उपस्थिति दर्ज कराई। पिछले साल के मुकाबले द्वारका में 128 फीसदी, नडाबेट में 54 फीसदी, अंबाजी में 48 फीसदी और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में 32.35 फीसदी पर्यटकों की वृद्धि हुई।
आंकड़ों के अनुसार द्वारका मंदिर में 9.75 लाख पर्यटक पहुंचे, जो 128.8 फीसदी की वृद्धि है। नडाबेट में 37 हजार से अधिक पर्यटक आए, जो 54.1 फीसदी की वृद्धि है। अंबाजी मंदिर, गब्बर हिल और रोपवे पर 11.95 लाख से अधिक पर्यटक आए, जो 48.9 फीसदी की वृद्धि है, और सोमनाथ मंदिर में 9.12 लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे, जो 43.9 फीसदी की वृद्धि है। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में 5.57 लाख से अधिक सैलानी आए, जो 32.35 फीसदी की वृद्धि है, और गिरनार रोपवे पर 48,800 से अधिक पर्यटक आए, जो 25.3 फीसदी की वृद्धि है। वडनगर में 62 हजार से अधिक तथा भुज के स्मृतिवन मेमोरियल में 25 हजार से अधिक पर्यटकों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई।
