होबार्ट में खेले गए सीरीज के निर्णायक मुकाबले में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 97 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने वनडे सीरीज अपने नाम कर ली। सीरीज के पहले मैच में करारी हार झेलने के बाद इंग्लैंड ने अगले दोनों मुकाबले जीतकर दमदार वापसी की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लिश टीम ने 328 रन बनाए। जवाब में वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की पारी 47वें ओवर में 231 रनों पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया के लिए जैक एडवर्ड्स ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए, जबकि मैट रेंशॉ को तीन विकेट मिले।
इंग्लैंड के लिए सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने शानदार शतक लगाया। उन्होंने 115 गेंदों पर 133 रनों की पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। टॉम बैंटन के साथ उन्होंने पहले विकेट के लिए 52 गेंदों पर 74 रनों की साझेदारी की। बैंटन ने 35 गेंदों पर 44 रन बनाए। जो रूट (12), हैरी ब्रूक (17) और जॉर्डन कॉक्स (12) बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन डकेट ने एक छोर से रन बनाते रहे।
सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए विल जैक्स ने 48 गेंदों पर 59 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत इंग्लिश टीम 300 रनों का आंकड़ा पार कर सकी। टीम की पारी 49वें ओवर में समाप्त हुई।
