शारजाह में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान को हार का सामना करना पड़ा। 418 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगान टीम संघर्ष करती रही, लेकिन अंत में उसे निराशा ही हाथ लगी। अफगानिस्तान की ओर से आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे नसीर खान मारूफखिल ने शतक जड़ा। उन्होंने 242 गेंदों का सामना करते हुए 101 रन बनाए और अंत तक नाबाद रहे।
20 वर्षीय नसीर खान मारूफखिल बाएं हाथ के स्पिनर के साथ-साथ बाएं हाथ के बल्लेबाज भी हैं। यह उनका डेब्यू टेस्ट मैच था। उन्होंने जिम्बाब्वे की पहली पारी में 44 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 12 मेडन ओवर शामिल रहे और उन्होंने 7 विकेट झटके। मैच की दूसरी पारी में उन्होंने दो विकेट लिए।
मारूफखिल ने डेब्यू टेस्ट में 5 विकेट हॉल के साथ ही शतक भी पूरा किया। करीब 150 साल के टेस्ट क्रिकेट इतिहास में वह ऐसा करने वाले सिर्फ दूसरे क्रिकेटर हैं। इस सूची में एकमात्र अन्य नाम न्यूजीलैंड के ब्रूस टेलर का है, जिन्होंने 1965 में भारत के खिलाफ कोलकाता में अपने डेब्यू मैच में पहली पारी में 105 रन बनाए थे और इसके बाद गेंदबाजी में 5 विकेट लिए थे।
दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला ड्रॉ रहा था। दूसरे मैच को जीतकर जिम्बाब्वे ने सीरीज अपने नाम कर ली। पहली पारी में 339 रन बनाने के बाद जिम्बाब्वे ने अफगानिस्तान को 217 रनों पर रोक दिया था। दूसरी पारी में जिम्बाब्वे ने 9 विकेट पर 295 रन बनाकर पारी घोषित की, जिससे अफगानिस्तान को 418 रनों का लक्ष्य मिला। अफगान टीम इस लक्ष्य को हासिल नहीं कर सकी और सीरीज हार गई।
