लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में आगरा के विधानसभा क्षेत्र बाह स्थित ग्राम पंचायत उगनपुरा में स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण का रास्ता साफ हो गया। बैठक में युवा कल्याण विभाग के नाम दर्ज 2.476 हेक्टेयर भूमि खेल विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
कैबिनेट के निर्णय के अनुसार ग्राम पंचायत उगनपुरा में भूमि गाटा संख्या-181, रकबा 2.476 हेक्टेयर को खेल विभाग के पक्ष में निःशुल्क हस्तांतरित किया जाएगा, जिस पर स्पोर्ट्स स्टेडियम की स्थापना की जाएगी। सरकार के अनुसार भूमि हस्तांतरण के इस निर्णय से राज्य सरकार पर वर्तमान में कोई अतिरिक्त वित्तीय व्यय भार नहीं पड़ेगा और स्टेडियम निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध हो जाएगी।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कैबिनेट के निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि स्टेडियम बनने से उभरते हुए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम भी होगा।
वित्त मंत्री ने कहा कि स्टेडियम निर्माण से प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर खेल प्रशिक्षण मिलेगा। निर्माण कार्य से असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को रोजगार मिलेगा, वहीं प्रशिक्षण प्राप्त कर खिलाड़ी भविष्य में रोजगार के नए अवसर हासिल कर सकेंगे।
