बेमेतरा के मारो में बुधवार को आत्मानंद स्कूल में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए। कार्यक्रम में साजा विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी विधायक ईश्वर साहू, कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय साहू समेत पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी और अधिकारी भी मौजूद थे।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव वहां से रवाना हो गए। इसके बाद उसी मंच पर विधायक ईश्वर साहू महिला कलाकारों के साथ डांस करते नजर आए। इस दौरान कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल और भाजपा जिला अध्यक्ष अजय साहू सहित कई नेता भी मंच पर मौजूद रहे।

विधायक के डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बता दें कि ईश्वर साहू अक्सर सार्वजनिक कार्यक्रमों में अपनी शायरी और खास अंदाज को लेकर चर्चा में रहते हैं। विश्व योग दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में मंच पर लगे पोस्टर में उनकी तस्वीर न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई थी।

ईश्वर साहू पहली बार विधायक बने हैं। बिरनपुर हिंसा में उनके बड़े बेटे भुवनेश्वर साहू की मौत हो गई थी। बिरनपुर हिंसा की प्रदेशभर में चर्चा हुई, जिसके बाद बीजेपी ने ईश्वर साहू को विधानसभा का टिकट दिया। वे पहले ही चुनाव में जीतकर विधानसभा पहुंचे।