गोरखपुर में बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ। कूड़ाघाट में जेसीबी से टकराने के बाद चौरी-चौरा के राजधानी गांव निवासी भाजपा नेता ओंकार सिंह श्रीनेत के 12 वर्षीय बेटे की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि जिस जेसीबी से सपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव को माला पहनाई थी, वह माला पहनाने के बाद जा रही थी। उसी समय बच्चा भी स्कूटी से जा रहा था। निकलने की जगह नहीं थी और बच्चा निकलने के दौरान जेसीबी से टकरा गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि इतने बड़े राजनीतिक कार्यक्रम में आम जनता और बच्चों की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए थे और वाहनों की आवाहन को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी किसकी थी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर क्षेत्रीय विधायक ई. सरवन निषाद ने मृतक किशोर के पिता ओंकार सिंह और परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने फोन पर विधायक से बात कर परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।