पटना। कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर 6-लेन गंगा पुल अब 'नीतीश सेतु' के नाम से जाना जाएगा। 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजापाकड़, वैशाली से इस सेतु का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन और उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सक्रिय हैं। इसी क्रम में उन्होंने 'नीतीश सेतु' पर जाकर निरीक्षण किया, जिसमें कई मंत्री भी शामिल हुए। इनमें बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार भी मौजूद थे।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से इस कार्यक्रम का यूट्यूब पर आधिकारिक लाइव प्रसारण किया जा रहा था। इस दौरान प्रोटोकॉल के तहत स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार मुख्यमंत्री के नजदीक जाना चाह रहे थे। वीडियो में यह देखा जा सकता है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बॉडीगार्ड ने परिचय के बाद भी निशांत कुमार को हाथों से ठेलकर किनारे कर दिया। वीडियो में एक बॉडीगार्ड द्वारा पहले रास्ता रोकने और फिर उन्हें किनारे करने का दृश्य दिखाई दे रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने बिहार सरकार पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से निशांत कुमार को सुरक्षा कर्मियों ने धकिया दिया, वह बर्दाश्त करने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर निशांत कुमार में थोड़ी भी लज्जा होती तो वे उस कार्यक्रम का बहिष्कार कर देते। तिवारी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे और राज्य सरकार में मंत्री के साथ यह व्यवहार देखते हुए जेडीयू को यह सोचना चाहिए कि वह किस तरह का गठबंधन चला रही है। उन्होंने कहा कि किसी बॉडीगार्ड को इतनी पहचान तो होनी चाहिए कि सामने वाला कैबिनेट मंत्री है।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, इस घटना के बाद सियासी बवाल होना तय माना जा रहा है और जेडीयू की ओर से इस मामले को जरूर उठाया जाएगा। वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता ने अपने सवालों के जवाब जेडीयू से मांगे हैं।