प्रतापगढ़ के कुंडा में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा के मंच से योगी सरकार के राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने मथुरा श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने मथुरा में भाजपा की प्रदेश स्तरीय बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि उनका मन हुआ कि कुदाल उठाकर गुंबद तोड़ दें। हालांकि, उन्होंने संवैधानिक पद पर होने के कारण ऐसा न कर पाने की बात कही। उनका यह बयान अब चर्चा का विषय बन गया है।
मंत्री ने दावा किया कि मथुरा में मंदिर बनेगा और जल्द ही गुंबद टूटेगा, जहां भव्य मंदिर का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि जब वे मथुरा गए थे तो उनका मन हुआ कि गुंबद पर चढ़कर कुदाल से उसे तोड़ दें। बयान में 100 प्रतिशत की बात छोड़कर एक करोड़ प्रतिशत मंदिर बनने का दावा भी किया गया।
कुंडा के बेंती में आयोजित श्रीराम कथा के मंच से काशी और मथुरा का नारा गूंज रहा है। अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के विराजमान होने के बाद काशी-मथुरा में विवादित स्थल पर भगवान को विराजमान किए जाने की बात तेज हो गई है। कथा के पहले दिन धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने व्यासपीठ से वृंदावन जाने का ऐलान किया था और यादव और माधव को एक मानने की बात कर श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा छेड़ा था।
कथा के दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कार्यक्रम के लिए तीन पंडाल बनाए गए थे, जो कथा शुरू होने से पहले ही भर गए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने पंडाल के बाहर से कथा सुनी। श्रद्धालुओं के लिए बड़े एलईडी स्क्रीन लगाए गए हैं। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि कुंडा की धरती से सनातन की हुंकार उठी है और यहां ऐसा जनसैलाब उठा है, जिसने आलोचकों को भी आस्था की ताकत का अहसास करा दिया है।
