आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले सभी फ्रेंचाइजियों ने रिलीज किए गए खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में कई बड़े और चर्चित नाम शामिल हैं। साथ ही कुछ ऐसे खिलाड़ियों को भी रिटेन किया गया है, जिनका पिछले सीजन का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। इस वजह से माना जा रहा था कि उन्हें रिलीज कर दिया जाएगा, लेकिन फ्रेंचाइजियों ने उन पर भरोसा जताया है।
मुंबई इंडियंस ने 13 खिलाड़ियों को रिलीज किया, लेकिन शार्दुल ठाकुर को टीम में बनाए रखा। पिछले सीजन उन्होंने 9 मैचों में 12 विकेट लिए, हालांकि 12.27 की इकोनॉमी से रन दिए, जिसके चलते उनका रिटेन होना चौंकाने वाला माना जा रहा है। दिल्ली कैपिटल्स ने आकिब नबी को 8.4 करोड़ रुपये की बड़ी रकम में खरीदा था। पिछले सीजन उन्होंने 5 मैच खेले और एक भी विकेट नहीं लिया, जबकि उनकी इकोनॉमी 11.46 रही। इसके बावजूद उन्हें रिटेन किया गया है।
पंजाब किंग्स के ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बेन ड्वारशुइस की आईपीएल सैलरी 4.40 करोड़ रुपये है। पिछले सीजन उन्हें सिर्फ एक मैच में मौका मिला, जिसमें उन्होंने 4 ओवर में 51 रन दिए। टी20 इंटरनेशनल में भी उनकी इकोनॉमी 9 से ऊपर रही है। भारत के लिए खेल चुके रमनदीप सिंह का आईपीएल रिकॉर्ड साधारण रहा है। पिछले सीजन उन्हें 8 मैचों में मौका मिला और उन्होंने 16 की औसत तथा 120 की स्ट्राइक रेट से 87 रन बनाए। 2025 सीजन में उन्होंने 11 मैचों में 47 रन बनाए थे।
गुजरात टाइटंस के राहुल तेवतिया फिनिशर की भूमिका निभाते नहीं दिख रहे हैं। पिछले सीजन उन्होंने 16 मैचों में 190 रन बनाए, जबकि उससे पहले 15 मैचों में उनके बल्ले से सिर्फ 99 रन निकले थे। तेवतिया अब गेंदबाजी भी नहीं करते, लेकिन टीम ने उन्हें रिटेन किया है।
