फिल्म निर्माता नितेश तिवारी की 'रामायण' पर इंडस्ट्री में मिली-जुली प्रतिक्रियाओं के बीच गीतकार जावेद अख्तर ने भगवान राम पर अपनी बात रखी है। एक कार्यक्रम में उनसे फिल्म और उसके संगीत को लेकर सवाल किए गए। अख्तर ने कहा कि राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार, नैतिकता और जीवन जीने का तरीका हैं। उन्होंने कहा कि राम हिंदुस्तान के हर आदमी के खून में मौजूद हैं, चाहे उसका मजहब कोई भी हो। अख्तर ने कहा कि वह फिल्म अभी नहीं देख पाए हैं, लेकिन उनकी बेटी ने इसे देखा है और तारीफ कर रही है।
कार्यक्रम में अख्तर से पूछा गया कि फिल्म के गाने लोगों को क्यों नहीं छू पाए, जबकि इसमें बड़े कंपोजर और राइटर जुड़े थे। इस पर उन्होंने मजाक में कहा कि इसका सीधा कारण यह है कि वह अच्छे राइटर हैं। उन्होंने अब्दुल रहीम ख़ानख़ाना का एक दोहा सुनाया- 'रहीमन मुश्किल आ पड़ी, टेढ़े दोऊ काम, सीधे से जग न मिले, उल्टे मिले न राम।'
संगीत को लेकर पूछे गए सवाल पर अख्तर ने कहा कि फिल्म के लिए लिखने वाले को म्यूजिक लेवल तक जाने की जरूरत नहीं होती। उनका संपर्क सीधे डायरेक्टर और प्रोड्यूसर से होता है। उन्होंने कहा कि पहले ऐसा नहीं था, यह हाइरार्की अब टूट गई है।
इसी कार्यक्रम में सोनिया गांधी की आत्मकथा पर बनने वाली फिल्म के बारे में पूछे जाने पर अख्तर ने कहा कि उन्होंने किताब नहीं पढ़ी है, इसलिए बिना पढ़े कुछ नहीं कह सकते। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी के व्यक्ति नहीं हैं, लेकिन सोनिया गांधी के लिए उनके मन में बहुत सम्मान है।
