स्वप्न शास्त्र के अनुसार रात में देखे गए सपनों का अपना अर्थ होता है और कुछ सपने भविष्य के अच्छे या बुरे संकेत देते हैं। कहा जाता है कि ब्रह्म मुहूर्त यानी सुबह 3 बजे से 5 बजे के बीच देखा गया सपना सच होने की संभावना अधिक होती है। यदि किसी व्यक्ति को पिछले कुछ दिनों से सपने में कुछ खास चीजें बार-बार दिखाई दे रही हैं, तो इसे अचानक धन लाभ का संकेत माना जाता है। स्वप्न शास्त्र में ऐसे पांच सपनों का जिक्र किया गया है जिन्हें बेहद शुभ माना जाता है।

स्वप्न शास्त्र के अनुसार सपने में बहता हुआ साफ पानी या नदी देखना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इसका संबंध जीवन में लंबे समय से चली आ रही मानसिक और आर्थिक रुकावटों के समाप्त होने से है। नदी में खुद को तैरते हुए देखने का अर्थ करियर या व्यापार में बड़ी सफलता से जोड़ा जाता है। इसी तरह सपने में खिला हुआ कमल का फूल देखना आर्थिक स्थिति मजबूत होने का संकेत माना जाता है, क्योंकि कमल को मां लक्ष्मी से जुड़ा माना गया है। लाल गुलाब का सपना प्रेम, मान-सम्मान और सुख-समृद्धि बढ़ने की ओर इशारा करता है।

सपने में सफेद हाथी या गाय देखना राजयोग के बराबर माना जाता है। सफेद हाथी देखने का अर्थ मान-सम्मान और नौकरी में प्रमोशन की प्रबल संभावना से जोड़ा जाता है, जबकि गाय देखना या उसे रोटी खिलाना जीवन के सभी कष्टों के समाप्त होने और सुख-समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। सपने में मंदिर या जलता हुआ दीपक बार-बार दिखने का मतलब भगवान की विशेष कृपा माना जाता है, जिससे सभी प्रयास सफल होने और बिगड़े काम बनने की बात कही जाती है। शिवलिंग या भगवान विष्णु के दर्शन जीवन में बड़े बदलाव और तरक्की की शुरुआत का संकेत माने जाते हैं।

स्वप्न शास्त्र के मुताबिक सपने में पहाड़ या ऊंचे स्थान पर चढ़ते हुए खुद को देखना करियर में उन्नति और सफलता का प्रतीक है। वहीं पेड़ से पके हुए फल तोड़ते हुए देखना भी शुभ माना जाता है, जो मेहनत का फल मिलने की ओर इशारा करता है। स्वप्न शास्त्र में यह भी बताया गया है कि शुभ सपना देखने के बाद उसे किसी बाहरी व्यक्ति को नहीं बताना चाहिए, क्योंकि ऐसा करने से उसका प्रभाव कम हो सकता है। सुबह स्नान के बाद ईष्ट देव को प्रणाम करते हुए मन ही मन इस शुभ संकेत के लिए धन्यवाद देना चाहिए।

(डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, धार्मिक ग्रंथों और स्वप्न शास्त्र पर आधारित है। इसकी सटीकता या वैज्ञानिक प्रमाणिकता का दावा नहीं किया जाता है।)